जनशिकायतों के त्वरित समाधान के लिए बनेगा प्रभावी मैकेनिज्म, हर शिकायत की होगी निगरानी: नीतीश मिश्रा

पटना, 7 सितंबर 2026। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को विभाग के तकनीकी सहायता समूह के कार्यों और विभागीय योजनाओं में उसके योगदान की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं और जनशिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सरल, सुगम और प्रभावी व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने कहा कि सफाई, स्वच्छता, जलजमाव, कचरा प्रबंधन और नगर निकायों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए तकनीक आधारित ऐसा मैकेनिज्म तैयार किया जाए, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी शिकायत आसानी से विभाग तक पहुंचा सकें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके समाधान तक प्रत्येक स्तर पर स्पष्ट जिम्मेदारी और प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए उच्चस्तरीय सुपरविजन मैकेनिज्म विकसित करने का भी निर्देश दिया गया।
बार-बार आने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान
नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की प्रकृति, उनके समाधान में लगने वाला समय और बार-बार सामने आने वाली समस्याओं का विश्लेषण किया जाए। केवल शिकायतों का निपटारा ही नहीं, बल्कि उनके स्थायी और व्यावहारिक समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विजन जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और लोगों को बेहतर सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना है। विभाग इसी दिशा में जनशिकायतों के समाधान को अधिक त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए तकनीक आधारित व्यवस्था विकसित कर रहा है।
नगर कार्यपालक पदाधिकारियों की होगी विशेष कार्यशाला
बैठक में मंत्री ने राज्य के सभी नगर निकायों के नगर कार्यपालक पदाधिकारियों (EOs) के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश भी दिया।
कार्यशाला में नगर निकायों के कार्यों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही नगर निकायों के सामने आने वाली वास्तविक और प्रासंगिक समस्याओं की पहचान कर अधिकारियों के साथ Solution-Oriented Exercises कराई जाएंगी।
इन अभ्यासों के दौरान समस्याओं की पहचान, उनके कारणों का विश्लेषण और उनके व्यावहारिक समाधान तैयार करने पर जोर रहेगा। मंत्री के अनुसार, इससे नगर कार्यपालक पदाधिकारियों की समस्या समाधान क्षमता और निर्णय लेने की दक्षता को मजबूत किया जा सकेगा।
नागरिक-केंद्रित व्यवस्था बनाने पर जोर
नीतीश मिश्रा ने कहा कि शहरी विकास का उद्देश्य सिर्फ आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना नहीं है, बल्कि नागरिकों को बेहतर, सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। विभाग की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाना है।
बैठक में विभाग के विशेष सचिव डॉ. नवल किशोर चौधरी, अपर सचिव मनोज कुमार, विशेष सचिव मनन राम सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी और तकनीकी सहायता समूह के सदस्य मौजूद रहे।








