राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की छात्र इकाई सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (SSAI) के तत्वावधान में बुधवार को नीट पेपर लीक मामले के विरोध में पटना स्थित राजद प्रदेश कार्यालय से प्रतिरोध मार्च निकाला गया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों को पुलिस प्रशासन ने वीरचंद पटेल पथ स्थित राजद कार्यालय के मुख्य गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “पेपर लीक बंद करो”, “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लागू करो” जैसे नारे लगाए।
छात्र नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिरोध मार्च को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का खुला हनन है।
SSAI नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता और यदि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेती है, तो यह आंदोलन आगे व्यापक जनआंदोलन का रूप लेगा। संगठन ने कहा कि वह छात्रों, युवाओं और आम जनता की आवाज़ बनकर लगातार संघर्ष करता रहेगा।
इस अवसर पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी, राष्ट्रीय महासचिव बीनू यादव, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद सहित कई नेता और छात्र संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन में मुकुंद सिंह, मधु मंजरी, फैयाज आलम, भाई अरुण, बल्ली यादव, हरेंद्र कुशवाहा, कुमार राय, उत्पल बल्लभ, विक्रांत रॉय, हिमांशु यादव, रंजन यादव, प्रत्यूष राज, अभिषेक यादव, मनीष अनिकेत, राहुल रंजन, श्रेया कुमारी, पूजा यादव, अर्चना यादव, गणेश कुमार यादव, अबगीना खान, सुमन शेखर, रहमत अली, अजमल कमाल, लालू कुमार, कृष्णा यादव, रोहित यादव, सत्यजीत कुमार, बिलाल खान, अविनाश राय, बिंदन यादव, अमरेंद्र कुमार, संजय सहनी, दिलखुश रॉय, बिट्टू कुमार, नागमणि कुमार, रंजीत यादव, सोनू यादव, अभिनीत मिश्रा, सतीश कुमार, विमल राय, उपेन्द्र चंद्रवंशी एवं शाहरुख शाहिद सहित सैकड़ों छात्र-युवा मौजूद रहे।









