जन सुराज पार्टी के पाटलिपुत्र स्थित प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पांडव कुमार हत्याकांड सहित पांच प्रमुख जन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की जानकारी दी।

मनोज भारती ने कहा कि जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर पांडव कुमार हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय एवं उचित सहायता देने की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई इस घटना ने देश-विदेश में रह रहे बिहारवासियों के बीच गहरा आक्रोश और चिंता पैदा की है।
उन्होंने बिहार सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने संवेदनशील मामले के बावजूद अब तक पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सरकारी सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है। जन सुराज पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि बिहार से बाहर काम करने वाले नागरिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए स्पष्ट और प्रभावी नीति बनाई जाए।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक किशोर कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्टी का सात सदस्यीय उच्चस्तरीय शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देगा और शीघ्र कार्रवाई की मांग करेगा।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता विवेक कुमार, सोनाली आनंद, राकेश पटेल और जेपी सिंह भी मौजूद रहे।
बाहर रह रहे बिहारियों की सुरक्षा और मुआवजे को लेकर जन सुराज ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
पटना, 11 मई 2026: जन सुराज पार्टी ने बिहार से बाहर विभिन्न राज्यों में काम करने वाले बिहारियों की सुरक्षा, सहायता और मुआवजे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। पार्टी ने इस संबंध में एक स्पष्ट और प्रभावी नीति बनाने की मांग की है। �
जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार भारती द्वारा जारी ज्ञापन में कहा गया है कि गरीबी और बेरोजगारी के कारण बिहार के लाखों लोग दूसरे राज्यों में कठिन परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। ऐसे प्रवासी मजदूरों और कामगारों के साथ आए दिन दुर्घटनाएं और हिंसक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता नहीं मिल पाता
ज्ञापन में हाल ही में दिल्ली में खगड़िया निवासी पांडव कुमार की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि उन्हें “बिहारी” कहकर गोली मार दी गई, लेकिन अब तक पीड़ित परिवार को न दिल्ली सरकार और न ही बिहार सरकार से कोई सहायता मिली है। इस घटना ने बिहारियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। �
जन सुराज पार्टी ने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें राज्य के बाहर काम करने वाले बिहारियों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल होने पर 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग शामिल है। साथ ही मृतक के पार्थिव शरीर को पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था, आश्रित परिवार के एक सदस्य को नौकरी, मुख्यमंत्री कार्यालय में समर्पित सहायता सेल का गठन तथा नई नीति के तहत पूर्व पीड़ित परिवारों को भी सहायता देने की मांग की गई
पार्टी ने कहा है कि इस गंभीर विषय पर चर्चा और त्वरित कार्रवाई के लिए जन सुराज का सात सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। �









