शिक्षा बचाओ–रोज़गार बचाओ के सवाल पर AISA का ‘Gen Z Rising’ अभियान, बिहार के विश्वविद्यालयों में छात्र-युवा संसद और सम्मेलन का ऐलान

पटना, 9 अगस्त 2026। बिहार की शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, बेरोज़गारी, शिक्षा के बाजारीकरण और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता के मुद्दों को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) बिहार ने ‘Gen Z Rising’ अभियान की घोषणा की है। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन ने कहा कि अभियान के तहत बिहार के प्रमुख जिलों और विश्वविद्यालयों में छात्र-युवा संसद, छात्र सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में AISA बिहार राज्य अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय, राज्य सचिव कॉमरेड दीपांकर, RYA के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड अजीत कुशवाहा, AISA बिहार की राज्य उपाध्यक्ष कॉमरेड सबा आफरीन, कॉमरेड मनीषा तथा AISA पटना विश्वविद्यालय के कार्यकर्ता कॉमरेड विवेक आनंद सुंदर मौजूद रहे।
शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा
AISA बिहार के राज्य अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में बिहार की शिक्षा व्यवस्था लगातार बदहाल हुई है। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने के बजाय निजीकरण, फीस वृद्धि और आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, युवाओं के सामने रोजगार का संकट भी लगातार गहराता जा रहा है।
RYA के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड अजीत कुशवाहा ने स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते ‘भगवाकरण’ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा को वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष बनाने के बजाय उसे सांप्रदायिक विचारधारा के अनुरूप ढालने की कोशिशों का छात्र और युवा विरोध करेंगे।
पेपर लीक को लेकर AISA का हमला
AISA बिहार की राज्य उपाध्यक्ष कॉमरेड सबा आफरीन ने दावा किया कि पिछले 9 वर्षों में 6 बड़े पेपर लीक, लगभग 500 अधिकारियों की गिरफ्तारी और बाद में जमानत, तथा 50 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा और पुनर्परीक्षा के चक्र में फंसने से परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बिहार के विश्वविद्यालयों तक पहुंचेगा अभियान
AISA बिहार के राज्य सचिव कॉमरेड दीपांकर ने कहा कि ‘Gen Z Rising’ अभियान के तहत संगठन बिहार के प्रमुख जिलों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचेगा। छात्र-युवा संसद और छात्र सम्मेलनों के माध्यम से शिक्षा, परीक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों पर युवाओं की सामूहिक आवाज को संगठित किया जाएगा।
‘Gen Z Rising’ अभियान का कार्यक्रम
– 11 अगस्त – सिवान
– 13 अगस्त – VKSU, आरा
– 18 अगस्त – बेतिया
– 19 अगस्त – JPU, छपरा एवं छात्र-युवा संवाद, मोतिहारी
– 20 अगस्त – LNMU, दरभंगा
– 22 अगस्त – BNMU, मधेपुरा
– 25 अगस्त – TMBU, भागलपुर
– 29 अगस्त – MU, गया
– 31 अगस्त – PU, पूर्णिया
– 2 सितंबर – BRABU, मुजफ्फरपुर
– 3 सितंबर – मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर
– 7 सितंबर – पाटलिपुत्र एवं पटना विश्वविद्यालय, पटना
AISA ने बिहार के छात्र-युवाओं से अभियान में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। संगठन का कहना है कि शिक्षा बचाने, परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और सम्मानजनक रोजगार के अधिकार की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को एकजुट किया जाएगा।









