स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने निकाली तिरंगा यात्रा, अधिवक्ताओं ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

पटना, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधि प्रकोष्ठ, बिहार प्रदेश की ओर से शुक्रवार को पटना में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश संयोजक बिंध्याचल राय के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा शाम 4 बजे पटना हाईकोर्ट गेट नंबर-2 से शुरू हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए। इस दौरान पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।
यात्रा के दौरान अधिवक्ताओं ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है।
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बिंध्याचल राय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित तिरंगा यात्रा के माध्यम से अधिवक्ता समाज ने राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
तिरंगा यात्रा में प्रदेश सह-संयोजक मनोज कुमार सिंह, संजय राम, पूनम कुमारी सिंह, कौटिल्य प्रसाद, प्रदेश कोषाध्यक्ष कृष्ण मुरारी प्रसाद, सह कोषाध्यक्ष संजीव सिन्हा तथा पटना हाईकोर्ट इकाई के संयोजक सुनील कुमार कर्ण सहित भाजपा विधि प्रकोष्ठ बिहार के पदाधिकारी, अधिवक्ता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश संयोजक बिंध्याचल राय ने सभी पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता को समर्पित ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे।









