पटना, 5 जून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश के साथ-साथ बिहार में भी “12 साल बेमिसाल – विश्वास, विकास और जनकल्याण” अभियान चलाएगी। इसकी जानकारी भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विश्वास, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिहार के 92 हजार से अधिक बूथों पर वृक्षारोपण और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों, पद्म सम्मानित हस्तियों, चिकित्सकों, इंजीनियरों, किसानों, समाजसेवियों और अन्य प्रतिष्ठित लोगों से संपर्क कर उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पुस्तिका भेंट की जाएगी। इसी दौरान “प्रगति पथ यात्रा” भी निकाली जाएगी, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेंगे तथा विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक मीडिया संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
संजय सरावगी ने कहा कि 12 जून से 20 जून तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी लिए जाएंगे।
इसके अलावा 15 जून से 20 जून तक पूरे बिहार में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शिक्षाविदों, चिकित्सकों, वकीलों, उद्यमियों, समाजसेवियों, पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन के साथ होगा
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजू झा, डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल, पवन जायसवाल, प्रणव कुमार तथा मीडिया प्रमुख दानिश इकबाल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।









