पटना, 23 जून 2026। बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के माननीय मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को पटना में गिग वर्कर्स के लिए तैयार किए गए अत्याधुनिक एयर-कंडीशंड लाउंज का निरीक्षण किया। मंत्री ने गांधी मैदान गेट नंबर-4 के समीप तथा आयकर गोलंबर के पास बनाए गए एसी लाउंज का जायजा लिया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को लाउंज के सुचारु संचालन, नियमित रखरखाव और गिग वर्कर्स की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदलती शहरी अर्थव्यवस्था में गिग वर्कर्स की भूमिका तेजी से महत्वपूर्ण होती जा रही है। खाद्य सामग्री, जरूरी वस्तुओं और विभिन्न सेवाओं की त्वरित डिलीवरी में उनकी अहम भागीदारी है।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि गिग वर्कर्स को बेहतर कार्य परिवेश और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह पहल श्रमिक कल्याण और समावेशी शहरी विकास के प्रति बिहार सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पटना देश का तीसरा शहर है, जहां गिग वर्कर्स के लिए विशेष रूप से एसी लाउंज की सुविधा विकसित की गई है। यह सुविधा स्विगी, जोमैटो और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े डिलीवरी पार्टनर्स एवं गिग वर्कर्स को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। दिनभर शहर के विभिन्न इलाकों में डिलीवरी और अन्य सेवाएं देने वाले कर्मियों को अब काम के बीच आराम करने के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
इन लाउंज में गिग वर्कर्स के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, स्वच्छ वातावरण और विश्राम की अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक लाउंज में एक समय में करीब 15 गिग वर्कर्स के बैठने की क्षमता है।
भीषण गर्मी, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के दौरान यह लाउंज डिलीवरी पार्टनर्स के लिए राहत का केंद्र बनेगा। काम के बीच कुछ समय के विश्राम से गिग वर्कर्स को सुविधा मिलेगी और उनकी कार्यक्षमता भी बेहतर हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्विगी, जोमैटो और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े गिग वर्कर्स से बातचीत भी की। उन्होंने उनके कार्य अनुभव, रोजमर्रा की चुनौतियों और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। गिग वर्कर्स ने एसी लाउंज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और नगर विकास विभाग के प्रति आभार जताया तथा इसे अपने लिए उपयोगी पहल बताया।
इस मौके पर नगर आयुक्त सह प्रबंध निदेशक पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड यशपाल मीणा सहित नगर विकास विभाग और पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









