पटना, 11 जुलाई: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद नीरज कुमार सिन्हा ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर नेतृत्व की जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना उन्हें उस समय मिली, जब वे मंडल स्तर पर संगठनात्मक कार्य में जुटे हुए थे और कार्यकर्ताओं के बीच पर्चियां बांट रहे थे। उनके अनुसार, यह भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का उदाहरण है, जहां जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।
नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक मजबूती, विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है, यही कारण है कि जनता का पार्टी पर लगातार विश्वास बना हुआ है।
बांकीपुर की जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र का हर नागरिक उनके लिए परिवार का सदस्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व में शुरू किए गए विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने स्वयं को पार्टी का अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि संगठन के निर्देशों का पालन करना उनका दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयास, केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं तथा बांकीपुर की जनता के समर्थन के बल पर भाजपा उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी।









