पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप में 651 एकड़ में विकसित होगा स्पोर्ट्स हब, विश्वस्तरीय सुविधाओं का प्रस्ताव

पटना, 11 अगस्त 2026। पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में टाउनशिप में स्पोर्ट्स सिटी, गोल्फ कोर्स और आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में खेल विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
651 एकड़ में विकसित होगा खेल क्षेत्र
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप की समेकित योजना में खेल गतिविधियों और खेल अवसंरचना के लिए कुल 651 एकड़ भूमि का प्रावधान किया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार:
225 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी विकसित की जाएगी।
187 एकड़ में गोल्फ कोर्स का प्रस्ताव है।
239 एकड़ में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा।
स्पोर्ट्स सिटी में विभिन्न खेलों के लिए अत्याधुनिक प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को भी विकसित करने की योजना है।
ओलंपिक मानकों के अनुरूप होंगी सुविधाएं
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाना चाहिए। टाउनशिप में प्रस्तावित खेल सुविधाओं को ओलंपिक मानकों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे बिहार में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर आधारभूत संरचना तैयार होगी। साथ ही राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
राज्य की 12 प्रस्तावित टाउनशिप में विकसित होंगी खेल सुविधाएं
श्रेयसी सिंह ने बताया कि राज्य में प्रस्तावित 12 टाउनशिप में खेल सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक भूमि को चिन्हित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक टाउनशिप में आधुनिक खेल अवसंरचना उपलब्ध कराना है, ताकि स्थानीय स्तर पर भी युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा मिल सके।
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, खेल विभाग के निदेशक आरिफ अहसन, नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
नोट: यह खबर उपलब्ध कराए गए प्रेस नोट के आधार पर तैयार की गई है।









