बिहार सरकार में अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र पासवान ने घोषणा की है कि 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर बिहार भाजपा द्वारा प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि जयंती के एक दिन पहले, 13 अप्रैल की शाम को बाबा साहेब की प्रतिमाओं को सजाया जाएगा और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिला और मंडल स्तर पर भी कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी।
मंत्री ने कहा कि इस अवसर पर संपर्क अभियान, विचार गोष्ठी और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि 13 अप्रैल को बापू सभागार में भी विभागीय स्तर पर विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें अंबेडकर छात्रावास की छात्राएं भाग लेंगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे।
लखेन्द्र पासवान ने बताया कि अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 20 दिनों तक राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने बाबा साहेब का अपमान किया, जबकि चुनाव के समय उनके नाम का उपयोग करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने बाबा साहेब के सम्मान में लगातार कार्य किया है और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।
मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि हालिया मैट्रिक परीक्षा में अंबेडकर आवासीय विद्यालयों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। गायघाट स्थित विद्यालय के सभी छात्र 12वीं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए, जिसे उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।
प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर, अनामिका पासवान, मीडिया सह-प्रभारी अमित प्रकाश बबलू और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मनोज चौधरी समेत कई नेता उपस्थित रहे।









