Nitish Kumar के नेतृत्व में बिहार में व्यापक बदलाव का दावा करते हुए Janata Dal (United) (जद यू) ने कहा है कि राज्य आज विकास और आत्मविश्वास की नई कहानी लिख रहा है।

जद (यू) के प्रदेश प्रवक्ता परिमल कुमार, हिमराज राम और मीडिया पैनलिस्ट डॉ. मधुरेंदु पांडेय ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि बिहार की विकास यात्रा किसी एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प, धैर्य और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ने राज्य की कमान संभाली थी, उस समय बिहार कई चुनौतियों और अव्यवस्था से जूझ रहा था। लेकिन उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
प्रवक्ताओं के अनुसार, आज राज्य के गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच चुकी हैं, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में स्पष्ट बदलाव देखने को मिल रहा है।
जद (यू) नेताओं ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने विकास को केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे जमीनी स्तर पर महसूस होने वाला परिवर्तन बनाया। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की नीति ने सामाजिक समरसता और विश्वास को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि आलोचनाओं और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री अपने लक्ष्य से कभी विचलित नहीं हुए। उनका अडिग संकल्प ही बिहार को पिछड़ेपन की छवि से बाहर निकालकर विकास और आत्मसम्मान की दिशा में आगे बढ़ाने में निर्णायक साबित हुआ है।
बयान में यह भी कहा गया कि आज बिहार अतीत की छाया से निकलकर भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ बढ़ रहा है। यह विकास यात्रा अभी जारी है और जनता के सहयोग से राज्य को और अधिक सशक्त, समृद्ध और विकसित बनाने का संकल्प और मजबूत हुआ है।









