पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल एवं मोबाइल बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिलने के बाद फुलवारीशरीफ थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में थानाध्यक्ष, तकनीकी सेल और अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर 4 आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर 2 मोटरसाइकिल और 1 मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह का मुख्य सदस्य अशरफ है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के करीब 20 मामले शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य आरोपी नौशाद के खिलाफ भी कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने खुलासा किया कि गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों को अलग-अलग जिलों में बेच देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 6 और चोरी की मोटरसाइकिलों का पता चला है, जिनकी बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में फुलवारीशरीफ थाना के कई अधिकारी एवं तकनीकी टीम के सदस्य शामिल रहे, जिनकी तत्परता से इस गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।
पुलिस ने कहा है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।









