बिहार की डेयरी सहकारी संस्था कॉम्फेड (COMFED) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए राज्य के डेयरी उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सिंगापुर के सिंगापुर एक्सपो में आयोजित इंडसफूड एशिया 2026 (21–24 अप्रैल) में कॉम्फेड की सक्रिय भागीदारी बिहार के डेयरी सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

यह आयोजन फूड एंड होटल एशिया के साथ सह-आयोजित है और एशिया के प्रमुख फूड एवं बेवरेज प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। यहां भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलता है, जिससे निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक और कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ की उपस्थिति ने राज्य के डेयरी उत्पादों को वैश्विक बाजार में विस्तार देने की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।
कॉम्फेड द्वारा अपने उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पादों का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। इस पहल से न केवल बिहार के डेयरी सेक्टर की सशक्त पहचान बन रही है, बल्कि सहकारी मॉडल की सफलता भी वैश्विक स्तर पर सामने आ रही है।
इंडसफूड एशिया 2026 के जरिए भारतीय निर्यातकों और वैश्विक खरीदारों के बीच मजबूत व्यापारिक साझेदारी के नए अवसर खुल रहे हैं। साथ ही, नए बाजारों में प्रवेश और ब्रांड वैल्यू बढ़ाने की दिशा में यह मंच अहम भूमिका निभा रहा है।
विभिन्न देशों की भागीदारी के साथ यह आयोजन नवाचार, तकनीकी सहयोग और व्यापारिक विकास का प्रमुख केंद्र बन गया है। कॉम्फेड के लिए यह अवसर बिहार के डेयरी सहकारी क्षेत्र की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण कदम साबित हो रहा है, जो राज्य की कृषि एवं पशुपालन आधारित अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा।









