बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर अपराधियों के बढ़ते हौसले देखने को मिले हैं। रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के धनजी कॉलोनी स्थित ‘श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स’ में रविवार दोपहर दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
j
जानकारी के अनुसार, पांच नकाबपोश अपराधी दो बाइक से दुकान के बाहर पहुंचे। इनमें से तीन बदमाश हथियार के बल पर दुकान के अंदर घुस गए, जबकि दो बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे। अपराधियों ने कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और घटना को बेहद तेजी से अंजाम दिया। लूट के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। बिहार पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हालांकि, दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और शहर में सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।









