- पटना, 13 जुलाई 2026: बिहार सरकार ने राज्य में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के सुनियोजित विकास और विभिन्न परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को बताया कि राज्य सरकार ने सेंटर फॉर एनवायरनमेंटल प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईपीटी) सलाहकार फाउंडेशन, सीईपीटी विश्वविद्यालय, अहमदाबाद को तकनीकी सहायता इकाई (Technical Support Unit) के रूप में चयनित किया है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य उन्मुख शहरी केंद्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन टाउनशिप में बेहतर आधारभूत संरचना, नियोजित आवास, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर विकसित किए जाएंगे। इसी उद्देश्य से शहरी नियोजन के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाली सीईपीटी विश्वविद्यालय का सहयोग लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सीईपीटी को शहरी नियोजन, आधारभूत संरचना विकास और सतत शहरीकरण के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। संस्था के सहयोग से ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं के लिए योजना निर्माण, रणनीतिक मार्गदर्शन, तकनीकी परामर्श और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि तकनीकी सहायता इकाई परियोजनाओं के रणनीतिक निरीक्षण, नीतिगत सहयोग, कार्यान्वयन की निगरानी, नियामकीय एवं संस्थागत सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे परियोजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलेगी।
मंत्री के अनुसार, ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास से आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी क्षेत्रों का निर्माण होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही उद्योग, व्यापार, आवास और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा तथा राज्य में नए आर्थिक गतिविधि केंद्र विकसित होंगे। इससे क्षेत्रीय संतुलित विकास को प्रोत्साहन मिलने के साथ बिहार की अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक बदलाव का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल बिहार के समावेशी, टिकाऊ और भविष्य उन्मुख शहरी विकास के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।









