पटना | 13 जुलाई 2026
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने स्काउट एवं गाइड मैदान से समाहरणालय तक एक पदयात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
यह पदयात्रा स्काउट एवं गाइड मैदान से शुरू होकर कोतवाली थाना, डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। पूरे मार्ग में समर्थकों ने “लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर” के नारे लगाए।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि यह केवल उनका नामांकन नहीं, बल्कि “बिहार के बेहतर भविष्य और बदलती हुई तस्वीर का नामांकन” है। उन्होंने कहा कि यह बिहार की राजनीति में बदलाव की शुरुआत है और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों से सत्ता छोड़ने का आह्वान भी है।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर किसी राजनीतिक दल या नेता का गढ़ नहीं, बल्कि जनता का गढ़ है और यह तय करने का अधिकार जनता के पास है कि उसका प्रतिनिधि कौन होगा।
प्रशांत किशोर ने उपचुनाव को केवल विधायक चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने और भाजपा के अहंकार पर अंकुश लगाने की लड़ाई बताया। उनके अनुसार यह चुनाव राज्य की राजनीति की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है।









