राजधानी पटना स्थित चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान पटना में दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव स्पर्धा 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 10 और 11 अप्रैल को आयोजित इस मेगा स्पोर्ट्स इवेंट में बिहार के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस खेल महोत्सव में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, वॉलीबॉल, दौड़ (एथलेटिक्स), रस्साकशी और BGMI जैसी विविध प्रतियोगिताएं शामिल हैं। आयोजन का उद्देश्य छात्रों को अपनी प्रतिभा, टीम भावना और खेल कौशल प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है। विजेताओं को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह सीआईएमपी ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जिसमें निदेशक प्रो. (डॉ.) राणा सिंह, प्रो. (डॉ.) सिबानंद सेनापति, प्रो. (डॉ.) राजीव रंजन सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। निदेशक प्रो. राणा सिंह ने छात्रों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए शारीरिक फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग और संतुलित जीवनशैली को अपनाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर फिटनेस विशेषज्ञ विकास कुमार ने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया। वहीं, संस्थान के पूर्व छात्र सत्यम कुमार ने छात्रों को समय प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र के बाद रिक्रिएशन सेंटर में रिबन कटिंग कर खेल सुविधाओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसके बाद प्रतियोगिताओं की शुरुआत मैत्रीपूर्ण मैच से हुई।
इस प्रतियोगिता में ललित नारायण मिश्रा संस्थान, चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी पटना, बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पटना सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों ने भाग लेकर आयोजन को और भी खास बना दिया।
‘स्पर्धा 2026’ ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा देने का संदेश दिया।









